प्रताड़ित किए जाने और धार्मिक गतिविधियों को रोके जाने की शिकायत लेकर पहुंची महिला
दमोह। जिले के कोतवाली थाना के धरमपुरा में एक मुस्लिम शिक्षक द्वारा एक हिंदू परिवार पर जबरन उनका मकान बेचे जाने का दबाव बनाए जाने के आरोप सामने आए है। पीड़ित परिवार के अनुसार आरोपी द्वारा उनकी छत पर जबरन सीसीटीवी कैमरा लगाकर उनकी निजता को खत्म किया जा रहा है और साथ ही उनके द्वारा उनकी धार्मिक मान्यताओं और गतिविधियों पर भी रोक लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इन आरोप और शिकायत के चलते पीड़ित परिवार की महिला विहिप के पदाधिकारियों के साथ कोतवाली थाना पहुंची और मामले में कार्यवाही की मांग की।
जानकारी अनुसार नगर के धरमपुरा वार्ड 39ें निवासी लीला पति नरेश ठाकुर 30 वर्ष अपने परिवार के साथ रहती है और उनके पड़ोस में एक शिक्षक मुद्दीन साहाब अपने परिवार के साथ निवास करते है। आरोप है कि शिक्षक द्वारा महिला के परिवार पर घर उन्हें बेचकर कहीं और जाकर बसने का दबाव बनाया जा रहा है और साथ ही उनके द्वारा जबरन उनके घर के सामने वाहन खड़ा कर देना, उन्हें पूजा और पूजन की घंटी बजाने से भी रोका जा रहा है।
हिंदूवादी संगठनों ने दर्ज कराई शिकायत
मामले में पीड़ित परिवार द्वारा पूर्व में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी और मामले की जानकारी विहिप और बजरंग दल के कार्यकताओं को मिलने पर संगठन के पदाधिकारी शंभु विश्वकर्मा और राम मिश्रा महिला के साथ कोतवाली थाना पहुंचे जहां मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। मामले में कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार का कहना है कि शिकायत की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।