February 9, 2026

5 वर्ष बाद जिले की झोली में मंत्री पद, एक साथ दो प्रतिनिधित्व का बेहतर होता रिकॉर्ड

0
FB_IMG_1703512977337

दमोह। विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत के बाद प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोमवार को अपनी नई टीम का एलान कर दिया। नई सरकार के मंत्रीमंडल के चेहरे सामने आने के बाद जिले का 5 वर्ष का मंत्री पद का सूखा खत्म हो गया है। नए मंत्रीमंडल में जिले से पथरिया विधानसभा से विधायक लखन पटैल और जबेरा से विधायक धर्मेन्द्र लोधी को जगह मिली है। दोनो विधायकों को राज्यपाल मंगूभाई पटैल ने राजभवन भोपाल में सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार पद की शपथ दिलाई।

उल्लेखनीय है कि लखन पटैल और धर्मेन्द्र लोधी दोनो ही दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए है और इनकी जीत के साथ ही जिले में पहली बार भाजपा चारो सीटों पर विजय प्राप्त करने में सफल रही थी। मंत्री मंडल में एक बार फिर दो चेहरों को स्थान दिए जाने के बाद क्षेत्रवासियों को यह आशा है कि यह जोड़ी एक बार फिर जिले के विकास को रफ्तार देगें।

लंबी है जिले में दो मंत्रियों की सौगात

जिले से एक साथ दो मंत्रियों की सौगात इससे पहले भी मिलती रही है। वहीं ऐसा भी काफी कम ही हुआ है कि जिले से कोई मंत्री ना रहा हो। वर्ष 2018 से 2023तक जिले से कोई भी विधायक मंत्रीमंडल में शामिल नहीं था। लेकिन उसके पूर्व के जिले के राजनीतिक इतिहास पर नजर डाले तो जिले की विधानसभाओं से इसके पूर्व जुगल किशोर बजाज और कुंजबिहारी लाल गुरु कांग्रेस से, राजबहादुर सिंह और राजा पटैरिया कांग्रेस से, रत्नेश सालोमन और मुकेश नायक कांग्रेस से, राजा पटैरिया और रत्नेश सालोमन कांग्रेस से, जयंत मलैया और गंगाराम पटैल भाजपा से, जयंत मलैया और रामकृष्ण कुस्मरिया भाजपा से, जयंत मलैया और दशरथ सिंह भाजपा से एक साथ मंत्रीमंडल में प्रतिनिधित्व कर चुके है। वहीं अब इस कड़ी में लखन पटैल और धर्मेन्द्र लोधी का नाम भी जुड़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *