
टाउन हॉल के मूत्रालय की चोक नाली से बीच बाजार बह रही गंदगी, दुकानदार और राहगीर परेशान; 26 में से 20 कचरा वाहन बंद होने पर भी उठे सवाल

दमोह। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर विधायक जयंत मलैया और कलेक्टर द्वारा अधिकारियों को सख्त चेतावनी दिए जाने के बाद अब व्यापारी संघ ने नगर पालिका के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष संजय यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापारी संघ से आह्वान किया है कि गुरुवार सुबह घंटाघर पर नगर पालिका अध्यक्ष एवं CMO का पुतला दहन किया जाएगा।

व्यापारियों के विरोध की मुख्य वजह टाउन हॉल परिसर में बने मूत्रालय की चोक पड़ी नाली बताई जा रही है। नाली जाम होने के कारण मूत्रालय का गंदा पानी और गंदगी बहकर बीच बाजार में टाउन हॉल परिसर तथा आसपास की दुकानों के सामने तक पहुंच रही है। इससे दुकानदारों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सफाई व्यवस्था के दावे के बीच सार्वजनिक स्थल पर इस तरह गंदगी का बहना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
बैठक में कलेक्टर ने मांगा जवाब, फिर भी सामने आया विरोध
इसी बीच मंगलवार को विधायक जयंत मलैया की मौजूदगी में कलेक्टर कार्यालय में जिला प्रशासन और नगर पालिका अधिकारियों की बैठक हुई थी। सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए समय-सीमा में काम पूरा करने की हिदायत दी थी। बैठक में सामने आया कि नगर पालिका के 26 कचरा वाहनों में से 20 वाहन बंद हैं। वहीं सफाई अमले और सुपरवाइजरों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठे।कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने भी शहर की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई।
टाउन हॉल बना नगर पालिका की लापरवाही का आईना, हादसे को दावत दे रही जर्जर व्यवस्थाएं

टाउन हॉल परिसर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर भी नगर पालिका पर सवाल उठ रहे हैं। कई जगह नालियों के ऊपर पुलिया तक नहीं बनी है, जिसके कारण दोपहिया वाहन चालकों के नाली में गिरने का खतरा बना रहता है। वहीं टाउन हॉल में जाने वाले रास्ते के ऊपर लगा छज्जा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में है। इसकी जर्जर स्थिति कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। खास बात यह है कि इसी रास्ते के नीचे से दिनभर में हजारों लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय नगर पालिका को तत्काल इस जर्जर छज्जे और खुली नालियों की समस्या को दूर करना चाहिए।
चेतावनी के बाद पुतला दहन से बढ़ा दबाव

एक ओर बैठक में विधायक और कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने की चेतावनी दी, वहीं दूसरी ओर टाउन हॉल के पास गंदगी बहने की समस्या को लेकर व्यापारी संघ का पुतला दहन का ऐलान नगर पालिका के लिए नई चुनौती बन गया है। व्यापारियों का कहना है कि शहर के प्रमुख बाजार और सार्वजनिक स्थल पर यदि मूत्रालय की चोक नाली की गंदगी सड़कों और दुकानों के आसपास बहती रहेगी तो इसका सीधा असर व्यापारियों और आम लोगों पर पड़ेगा।

अब सवाल यह है कि जब कलेक्टर की बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए जा चुके हैं, तो टाउन हॉल जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थल की चोक नाली कब साफ होगी? पुतला दहन के ऐलान के बाद नगर पालिका इस समस्या का तत्काल समाधान करती है या नहीं, इस पर सभी की नजर है।
