कोई दबाव ना होने का दावा करते हुए भी स्कूल से ही ब्लेजर बेच रहा सेंट जाॅन्स स्कूल
दमोह। जिले में निजी स्कूल की मनमानी और अभिभावकों के साथ लूट की शिकायतें आए दिन सामने आती है। शिकायतों के चलते जहां प्रशासन नियम तय कर मनमानी पर लगाम लगाने का प्रयास करता है, लेकिन निजी स्कूल फिर भी तिकड़म लगाकर नियमों को धता बता देते है। ऐसा ही मामला नगर के संेट जाॅन्स स्कूल से सामने आया है, जिसमें अभिभावकों को जबरन स्कूल यूनिफार्म में शामिल ब्लेजर स्कूल से बेचे जाने की शिकायत है। एक ओर मामले में स्कूल प्रबंधन कोई दवाव ना होने की बात कह रहा है, वहीं पहले से तैयार ब्लेजर यह स्पष्ट करता है कि इसे स्कूल से ही अभिभावकों को बेचा जाना है।
यह है मामला
इस संबंध में शिकायत सामने आई है कि सेंट जाॅन्स स्कूल द्वारा अभिभावकों को स्कूल से ही ब्लेजर बेचे जा रहे है। इसके लिए विद्यालय प्रंबधन ने बाकायदा 30 अक्टूबर को अभिभावकों को एक संदेश प्रसारित करते हुए स्कूल की वेबसाइट पर बच्चों की आईडी से ओटीपी लाॅगिन करते हुए बच्चों के ब्लेजर के लिए सहमति देने और साइज की पुष्टी करने के लिए कहा गया। इस मैसेज में निर्देशों के चलते यह भी लिखा गया कि इसके लिए कोई अनिवार्यता या दबाव नहीं है और अभिभावकों की सहमति के बाद ही ब्लेजर खरीद की पुष्टी की जाएगी।
पुष्टी के दूसरे दिन ही तैयार हो गए ब्लेजर!
इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण बिंदु यह है कि जहां 30 अक्टूबर तक स्कूल प्रबंधन पुष्टी और पुष्टी के बाद ब्लेजर तैयार कराए जाने की बात कह रहा था, वहीं इसके दूसरे दिन ही अभिभावकों को जारी संदेश में स्कूल पहुंचकर अपने बच्चों के लिए ब्लेजर खरीदने का समय और ब्लेजर की राशि बता दी गई। ऐसे में महज कुछ ही घंटो में सैकड़ो की संख्या में ब्लेजर तैयार हो जाना और उसे अभिभावकों को बेचना भी शुरू हो जाता यह स्पष्ट करता है कि स्कूल प्रबंधन के ब्लेजर पहले से तैयार थे और महज दिखावे के लिए दबाव ना होने और सहमति लिए जाने की बात कही जा रही थी।
पत्र जारी हुआ पर नहीं मिली खामी
दरअसल निजी स्कूलों की इस मनमानी को रोकने और शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए वर्ष 2024-25 में कलेक्टर कार्यालय से पत्र जारी कर निजी स्कूलों को यह निर्देशित किया गया गया था कि स्कूल प्रबंधन अभिभावकों को स्कूल से यूनिफार्म खरीदने का दबाव नहीं बना सकते है। वहीं कुछ दिन पूर्व सेंट जाॅन्स स्कूल में ऐसी शिकायतें सामने आने के बाद 27 अक्टूबर 2026 को कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा पत्र जारी कर सेंट जाॅन्स स्कूल को पत्र जारी कर नियमों का उल्लंघन करने पर कार्यवाही की चेतावनी दी थी। इन हालातों में यह तय है कि स्कूल प्रबंधन पहले से ब्लेजर बेचे जाने की तैयारी कर चुका था और पहली शिकायत सामने आने के बाद सहमति का दिखावा किया गया। शनिवार को फिर शिकायत सामने आने के बाद कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने इस पर संज्ञान लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी सत्यम चैरसिया जब तक स्कूल पहुंचे तो समय हो जाने के चलते स्कूल का अवकाश हो चुका था। अपने जारी वयान में जिला शिक्षा अधिकारी कोई भी मनमानी या दबाव ना पाए जाने की बात कह रहे है और इस विषय के अन्य बिंदुओ पर चर्चा किए जाने के लिए राष्ट्रवैभव ने जब उनसे संपर्क किया तो उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया।ऐसे में भले ही जांच में शिकायतों की पुष्टी ना हो लेकिन पूर्व से तैयार ब्लेजर इस बात की पुष्टी करते है कि स्कूल प्रबंधन स्वयं ही यूनिफार्म बेचने की तैयारी कर चुका है।
